रूबी एक शिक्षित, सुसंस्कृत और आत्मनिर्भर महिला थी। परंतु जीवन के हर मोड़ पर उसे बस सहना ही पड़ा—कभी अपनों की अपेक्षाओं को, कभी समाज की रूढ़ियों को। ऑफिस में उसकी मेहनत का श्रेय अक्सर पुरुष सहकर्मियों को मिल जाता था। घर में उसकी चुप्पी को उसकी कमजोरी समझ लिया गया था।
पति का रवैया हमेशा हुकुम चलाने वाला रहा। वह रूबी की योग्यता को कभी सम्मान नहीं दे पाया। सास के लिए वह एक मशीन थी - जो काम करे, जवाब न दे, और संस्कार की मूर्ति बनी रहे।
रूबी ने बरसों तक खुद को ‘अच्छी बहू’, ‘वफादार पत्नी’, और ‘समर्पित कर्मचारी’ साबित करने में लगा दिया। लेकिन न तो उसे पहचान मिली, न ही सम्मान।
एक दिन ऑफिस की मीटिंग में उसकी बनाई प्रेज़ेंटेशन को बॉस ने बिना नाम दिए अपने पसंदीदा सहकर्मी के खाते में जोड़ दिया। रूबी के होंठ हिले, पर शब्द नहीं निकले। उसी शाम पति ने उसे ‘अयोग्य’ कहकर डांट दिया, और सास ने ताने मारे—"ज्यादा पढ़ाई से अकड़ आ गई है इसे!"
उस रात, पहली बार रूबी आईने में अपनी आंखों में आँसू नहीं, अंगारे देख रही थी।
सुबह उसने आत्मविश्वास से ऑफिस जाकर बॉस से कहा—
"अब से मेरी मेहनत पर सिर्फ मेरा नाम होगा। अगर अगली बार मेरा श्रेय छीना गया, तो मैं कानूनी कार्यवाही करूंगी।"
घर लौटकर उसने पति और सास से स्पष्ट शब्दों में कहा—
"अब मैं किसी की कठपुतली नहीं। मैं इंसान हूं, और मुझे जीने का हक है - सम्मान के साथ।"
सब चौंक गए। पर रूबी की आँखों में अब शांति थी, कमजोरी नहीं।
अब वह नारी चुप नहीं थी, वह अंगारे उगल रही थी। वर्षों की चुप्पियों के बदले, अस्मिता और आत्मबल की आवाज़ बनकर।
सारांश और संदेश:
यह कथा उस स्त्री की है, जो वर्षों तक सहनशीलता की मूरत बनी रही, लेकिन जब उसने बोलने का निर्णय लिया—तो उसकी आवाज़ में क्रांति के अंगारे थे। यह हर उस नारी की कहानी है, जो चुप है… पर हमेशा चुप नहीं रहेगी।
संपर्क: सुरेश कुमार गौरव,सिमली सहादरा, रामधनी रोड, मालसलामी, पटना सिटी, पटना (बिहार)
0 टिप्पणियाँ